

अवैध खनन पर प्रशासन की चुप्पी से उठ रहे सवाल: दबंग ठेकेदार के रसूख के आगे बौना साबित हो रहा खनिज विभाग
कन्हवारा में मुरूम के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही करने आखिर साहस क्यों नहीं जुटा पा रहा प्रशासन
कटनी/कन्हवारा.12 अक्टूबर 2025. कटनी के कन्हवारा में बड़ी प्रतीक्षा के बाद विधायक श्री संदीप जायसवाल के अथक प्रयासों से 68 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नवीन अस्पताल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसका निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। परंतु ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इतनी बड़ी रकम से बनने वाले नए अस्पताल के निर्माण में ठेकेदार चड्ढा ने बड़े ही चतुराई से चीर घर के पास पड़ी सरकारी जमीन से जेसीबी मशीन से रात के अंधेरे में लगातार तीन रात्रियों तक तांडव किया और अवैध रूप से मुरूम खुदाई करवाकर फीलिंग करवाई है। कन्हवारा के जागरूक ग्रामीणों ने इस अवैध कार्य की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी दर्ज करवाई है। परंतु शिकायत को हफ्तों बीत जाने के बाद भी न यहां जांच करने राजस्व का अमला पहुंचा और न ही खनिज विभाग के अफसर? ग्रामीणों में तो चर्चा यहां तक है कि कोई चड्ढा ठेकेदार बड़ा आदमी है इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। लगता है कि इसीलिए प्रशासन इस दबंग ठेकेदार पर कार्यवाही करने की जहमत नहीं उठा रहा है। सूत्रों की माने तो यहां अस्पताल की नींव भटाई में लाखों रुपयों की मुरूम खोदी गई है।
इनका कहना है
वही इस मामले में खनिज इंस्पेक्टर कटनी से संपर्क कर जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि अभी में कल रात्रि ही कटनी लौट रहा हु। मामला संज्ञान में आया है। उत्खनन स्थल का निरीक्षण करूंगा।
श्री पवन कुशवाहा
खनिज इंस्पेक्टर कटनी