
आरसीआई शिक्षा ग्रुप बानसूर के प्रांगण में एक भव्य मोटिवेशनल और जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई, डीएसपी मुकेश जोशी और थाना अधिकारी सुरेंद्र मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
पुलिस अधीक्षक ने नशे के स्वरूप और ऑनलाइन की लत को एडिक्शन और एडिशन शब्दों से समझाया। उन्होंने बताया कि नशा चाहे जैसा भी हो, वह नाश का कारण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया और विशेष रूप से हेलमेट पहनने की आवश्यकता पर बल दिया।

बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने “लक्ष्मण रेखा” का उदाहरण दिया और आत्म-सुरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर क्राइम की जानकारी देते हुए गलत लिंक नहीं खोलने, ओटीपी किसी अजनबी को न बताने और साइबर ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने के लिए कहा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद सैनी, प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार, मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज कुमार, सह निदेशक भूप सिंह यादव सहित समस्त स्टाफ व सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।