
। अलीगढ़ न्यूज
पीडी भाल चन्द त्रिपाठी ने छात्र–छात्राओं से प्राप्त किए सुझाव
अलीगढ़ 18 सितंबर 2025 राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में गुरूवार को जिला प्रशासन के सहयोग से “विकसित उत्तर प्रदेश 2047, समृद्ध उत्तर प्रदेश” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से संवाद करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत की परिकल्पना पर अपने विचार और विजन साझा किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समूह चर्चा के माध्यम से यह बताया कि किस प्रकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि एवं तकनीक के क्षेत्र में विकास को और गति दी जा सकती है। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और विकास कार्यों से संबंधित एक बुकलेट का भी वितरण किया गया ताकि छात्र-छात्राएं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से परिचित हो सकें।
जिला प्रशासन की ओर से प्रोजेक्ट डायरेक्टर, जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण भालचंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और नोट किया। साथ ही उन्होंने यह भी सलाह दी कि सभी प्रतिभागी अपने सुझावों को क्यूआर कोड के माध्यम से सीधे सरकार तक पहुँचाएँ ताकि उन्हें योजनाओं और नीतियों में सम्मिलित किया जा सके।
संगोष्ठी का सफल समन्वय विश्वविद्यालय के प्राध्यापक गगन प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. केशव शर्मा, डॉ. तहसीन मंडल, डॉ. रितु चौधरी, डॉ. दिव्या गुप्ता, डॉ. सुरभि गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।