
अलीगढ़ न्यूज
अलीगढ़ 18 सितंबर 2025 नमो मैराथन के सफल आयोजन के लिए कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार ने की। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी और युवा मोर्चा के पदाधिकारीगण भी मौजूद रहे।
इंजीनियर राजीव शर्मा ने कहा कि “नमो मैराथन मात्र एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और तंदुरुस्त बनाने का एक जनजागरण अभियान है। आज के युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और मोटापा जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। जब युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे तो उनका मानसिक स्तर भी प्रबल होगा।”
अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप ही कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 पूरन सिंह को निर्देशित किया कि क्यूआर कोड के माध्यम से अभियान चलाकर विद्यार्थियों व युवाओं का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही प्रतिभागियों को प्रेरित करने के लिए जनहित के स्लोगन युक्त पोस्टर, बैनर और तख्तियाँ भी तैयार कराई जाएँगी। उन्होंने जानकारी दी कि नमो मैराथन 21 सितम्बर को प्रातः 6 बजे स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मैरिस रोड, किशनपुर तिराहा, रामघाट रोड होते हुए पुनः स्टेडियम पर ही संपन्न होगी। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सीएमओ को एंबुलेंस की व्यवस्था करने एवं नगर निगम को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु वाटर टैंकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
