

पवन श्रीवास्तव,जिला संवाददाता-8982713738
कोटवार का नाती भगा ले गया था आरोपी की पत्नी, नाराज बाप-बेटे ने पीट-पीटकर कर दी हत्या
* बाकल पुलिस ने चनपुरा हत्याकांड का 24 घंटे में किया खुलासा
कटनी। बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम चनपुरा में ग्राम कोटवार सीताराम बंशकार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस अंधे हत्याकांड का खुलासा थाना बाकल पुलिस ने महज 24 घंटे में कर दिया। आरोपी कोई और नहीं बल्कि गांव के ही पिता–पुत्र निकले। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने कंट्रोल रूम मे इसका खुलासा किया। इस दौरान एएसपी डॉ. संतोष डहेरिया, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी व थाना प्रभारी प्रतिमा सिंह चंदेल मौजूद रहे।
घटना का खुलासा
दिनांक 30 अगस्त को सूचना मिली कि ग्राम चनपुरा स्थित गणेश पंडाल के पास बने आंगनबाड़ी आरोग्य केंद्र में कोटवार सीताराम का शव पड़ा हुआ है। शुरुआत में शव के पास उल्टी होने से यह प्रतीत हुआ कि मृतक ने बीमारी के चलते जहर खा लिया होगा। लेकिन जब थाना प्रभारी प्रतिमा सिंह चंदेल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं तो मृतक के शरीर पर खरोंच और नीलेपन के निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा।
शव को पीएम के लिए बहोरीबंद अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की आंख पर चोट, पसलियों और रीढ़ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। इसके बाद बाकल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हत्या का कारण
मुखबिर सूचना और जांच के दौरान पता चला कि मृतक का एक दिन पहले 29 अगस्त को गांव के मनीष पटेल और उसके पिता अमर सिंह पटेल से विवाद हुआ था।
पूछताछ में मनीष और अमर सिंह ने हत्या करना स्वीकार किया।
दोनों ने बताया कि जीवन बंशकार (मृतक का नाती) मनीष पटेल का दोस्त था और अक्सर उसके घर आता-जाता था। राखी के दूसरे दिन कजलइया के मौके पर जीवन, मनीष की पत्नी को लेकर भाग गया। इससे मनीष और उसके पिता बेहद नाराज़ थे और लगातार जीवन और उसके नाना सीताराम बंशकार से जवाब मांगते रहे।
घटना वाले दिन इसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में मनीष और अमर सिंह ने कोटवार सीताराम को उसके कमरे के बाहर खींचकर जमीन पर गिराया और जमकर मारपीट की। अमर सिंह ने बांस से वार किया, जिससे उसकी हड्डी और पसली टूट गई। मनीष ने मुक्कों से हमला किया, जिससे उसकी रीढ़ और आंख पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी
वारदात के बाद मनीष पटेल घर में छुप गया जबकि उसका पिता अमर सिंह पटेल अपने ससुराल जिला पन्ना भाग गया। पुलिस ने दोनों को तलाश कर दबोच लिया।