A2Z सभी खबर सभी जिले कीUncategorized

जिला कलक्टर की उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं पंचायत समिति विकास अधिकारियों के साथ वीसी

रिपोर्टर: दीपक शर्मा बामनवास

दौसा, 1 अगस्त। जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदारों को खरीफ गिरदावरी की प्रतिदिन प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही, 20 प्रतिशत खसरों पर किसानों से गिरदावरी करवाने के लिए निर्देशित किया। जिला कलक्टर शुक्रवार को यहां जिला कलक्ट्रेट में उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं पंचायत समिति विकास अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की क्रियान्विति की समीक्षा कर रहे थे।

जिला कलक्टर ने कहा कि खरीफ गिरदावरी संवत् 2082 का कार्य 1 अगस्त से प्रारम्भ हो गया है, जिसके लिए पोर्टल को लाइव कर दिया है। उन्होंने गिरदावरी कार्य सरकारी खसरों के अलावा अन्य सभी खसरों में डिजीटल क्रॉर सर्वे के निर्धारित मानकों के अनुरूप करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खसरों पर जाकर फोटो लेकर गिरदावरी करनी है। किसान गिरदावरी के लिए 20 प्रतिशत खसरों पर काश्तकारों को गिरदावरी करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता के मुताबिक सर्वेयर की नियुक्ति कर गिरदावरी कार्य को समय पर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार को गिरदावरी कार्य की प्रतिदिन पटवारवार मॉनिटरिंग कर प्रगति कम होने पर बढ़वाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने जियो रेफरेन्स शीटों में पेंडिंग तरमीम कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने के लिए निर्देशित किया।

Related Articles

जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने चिकित्सा संस्थानों, पशु चिकित्सालयों, बहुउद्देशीय ग्राम सेवा सहकारी समितियों एवं ईसरदा दौसा पेयजल परियोजना के कार्यों के लिए जरूरी भूमि आवंटन के संबंध में चर्चा कर उपखंड अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के सीमा ज्ञान से वंचित रहे खसरों का सर्वे करने सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

*’हरियालो राजस्थान’ में लगे पौधों की निरन्तर मॉनिटरिंग करें*
जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों को ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में लगे पौधों की निरन्तर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इस अभियान के तहत रोपे सभी पौधों को पेड़ों के रूप में बड़े करने हैं। विकास अधिकारी इस दायित्व को अच्छी तरह से निभाएं और ग्राम पंचायतों में जाकर पौधों की स्थिति का जायजा लेते रहें, ताकि पौधों की देखभाल उचित ढंग से हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायतों की निजी आय बढ़ाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए गांवों में समुचित साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित सभी प्रस्ताव 15 अगस्त तक भिजवाने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य आरंभ नहीं हुआ है, वहां राजीविका के स्वयं सहायता समूहों को टेंडर जारी कर काम शुरू कराने को कहा। उन्होंने मनरेगा, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं अटल ज्ञान केन्द्रों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामस्वरुप चौहान, दौसा उपखंड अधिकारी मूलचंद लूणिया, लवाण उपखंड अधिकारी रविकांत सिंह एवं जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार मीणा सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!