
समोसे की दुकान में अज्ञात लोगों ने लगाई आग, सारा सामान जलकर राख
ब्यूरो रिपोर्ट प्रभाकर मिश्र/ अखंड भारत न्यूज़
कौशाम्बी। थाना कौशाम्बी क्षेत्र के लक्ष्मनापुर रोड के समीप बुधवार की रात एक नास्ते की दुकान में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामबाबू पुत्र अशीलाल, अपने परिवार का पालन-पोषण समोसे और नाश्ते की दुकान चलाकर करते हैं। बुधवार रात उनकी दुकान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी, जिससे पूरी दुकान जलकर खाक हो गई।
पीड़ित रामबाबू ने बताया कि यही दुकान उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा थी। घटना के बाद उनका परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है। रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
रामबाबू ने थाना कौशाम्बी में लिखित तहरीर देकर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
