
दिल्ली में भी स्टार प्रचारक के रूप में दिखेगा प्रमोद तिवारी का जलवा, प्रतापगढ़ के बढ़ते सियासी कद से समर्थक व कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
लालगंज, प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी को पार्टी केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए भी स्टार प्रचारक चयनित किया है। पार्टी द्वारा राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी को गृह राज्य उत्तर प्रदेश के साथ राजस्थान में स्टार प्रचारक बनाए जाने के बाद दिल्ली में भी लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक बनाये जाने से बेल्हा की सियासी पकड़ मजबूत आंकी जा रही है। बुधवार को समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली प्रदेश के लिए राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी को स्टार प्रचारक बनाए जाने की जानकारी मिलने पर गदगद देखा गया। मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने बताया कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी को दिल्ली प्रदेश के लिए सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ लोकसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक बनाये जाने की जानकारी दी गयी है। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में यूपी के साथ उत्तर भारतीयों की अधिकाधिक प्रभावी भूमिका को देखते हुए विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी पर पार्टी नेतृत्व ने स्टार प्रचारक के रूप में अहम जिम्मेदारी सौपी है। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता के रूप में प्रमोद तिवारी की असरदार भूमिका को लेकर लोकसभा के इस चुनाव में पार्टी नेतृत्व द्वारा देश के कई महत्वपूर्ण राज्यों में प्रमोद तिवारी की बढ़ती डिमाण्ड को लेकर नई दिल्ली में भी उन्हें स्टार प्रचारक बनाकर पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व में एक बड़े चेहरे के रूप में भी पेश कर प्रतापगढ़ जिले की सियासी कद को फिर राष्ट्रीय राजनीति के शीर्ष पटल पर देख सुन समर्थक व कार्यकर्ता तथा इण्डिया गठबंधन से भी जुड़े कार्यकर्ताओं व समर्थकों में जोश का माहौल बना दिखा। प्रतापगढ़ से लोकसभा चुनाव में इण्डिया गठबंधन के सपा से प्रत्याशी डॉ. एसपी सिंह पटेल के समर्थक भी लगातार प्रमोद तिवारी के बढ़ते सियासी कद को लेकर चुनाव में अपनी सफलता को भी अब और मजबूत आंकते देखे जा रहे हैं।