

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर:भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जारी चेतावनी के बाद जनपद हमीरपुर में 19 से 23 मई तक उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर चलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन ने आमजन, किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने की अपील की है।
राकेश कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण मजदूरों, किसानों एवं लंबे समय तक धूप में कार्य करने वाले लोगों में निर्जलीकरण और लू लगने का खतरा बढ़ गया है। संभावित जनहानि को रोकने के उद्देश्य से नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, अधिक पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने तथा हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से सिर को कपड़े, टोपी अथवा छतरी से ढंककर बाहर निकलने, ओआरएस, छाछ, लस्सी एवं नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने और घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे एवं परावर्तक सामग्री का उपयोग करने की अपील की है। अस्वस्थता, चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषकों एवं पशुपालकों को दोपहर में पशुओं को बाहर न ले जाने, छायादार स्थान पर रखने तथा पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है। वहीं खड़ी फसलों में नमी बनाए रखने के लिए शाम के समय हल्की सिंचाई, मल्चिंग एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के छिड़काव पर जोर दिया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क रहने की अपील की है।