
पत्रकार अमरेन्द्र शुक्ला सिंगरौली अखंड भारत न्यूज
सरई थाना में ईद और रक्षाबंधन पर्व को लेकर बैठक संपन्न हुई।
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और सोशल मीडिया गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर।
सिंगरौली : आगामी ईद एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरई थाना परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक पहलाद सिंह मस्कोले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने सहित विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि ईद एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग की अपेक्षा की।

