A2Z सभी खबर सभी जिले की

बस्ती: प्रेमी से शादी की जिद पर टॉवर पर चढ़ी किशोरी, पांच घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

बस्ती जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घटना बस्ती-बांसी मार्ग स्थित पडिया चौराहे की है, जहां सुबह करीब 11:30 बजे बुर्का पहने किशोरी टॉवर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर हजारों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह, सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी, एडिशनल एसपी श्याम कांत, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एसडीएम रुधौली मनोज प्रकाश, महिला थानाध्यक्ष डॉ. शालिनी सिंह समेत भारी पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर टॉवर के चारों ओर जाल लगाकर सुरक्षा घेरा तैयार किया।

करीब पांच घंटे तक प्रशासनिक अधिकारी किशोरी को नीचे उतारने के लिए समझाने-बुझाने में जुटे रहे, लेकिन किशोरी अपनी जिद पर अड़ी रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मोबाइल और माइक के माध्यम से उससे बातचीत करते रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उसकी मांगों पर विचार किया जाएगा, लेकिन वह टॉवर से उतरने को तैयार नहीं हुई।

Related Articles

मौके पर पहुंचे किशोरी के पिता रहमत अली निवासी ग्राम मझौंआ कला प्रथम थाना रुधौली ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री नाजिया बेगम अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर घर से निकली थी और आकर टॉवर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि किशोरी संतकबीर नगर जनपद के बेलहर कला निवासी मेहताब आलम से शादी करना चाहती है और उसी के आने का इंतजार कर रही है।

एसडीआरएफ टीम के जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने बताया कि सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं और किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के परिजनों और उसके प्रेमी को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित किया जा सके।

घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर घंटों तक मौके पर डटे रहे। टॉवर के ऊपर बैठी किशोरी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी और अपने प्रेमी से मिलने के बाद ही नीचे उतरने की बात कह रही थी।

Show More
Back to top button