

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर), 04 मई। कस्बे में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी अभिषेक गोयल बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। डीएम ने कस्बे में चल रहे पीडब्ल्यूडी के निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण की खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने अपने दौरे की जानकारी न तो पुलिस प्रोटेक्शन को दी और न ही किसी अन्य विभाग को। अचानक डीएम की गाड़ी कस्बे में घूमती देख जहां आम लोगों ने राहत महसूस की, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने कार्यालयों से निकलकर डीएम की तलाश में जुट गए।

इस दौरान जिलाधिकारी स्टेशन रोड पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। साथ ही नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। डीएम ने कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।
डीएम के इस अचानक निरीक्षण से स्थानीय प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है और निर्माण कार्यों में तेजी व सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
