

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में मिशन शक्ति (फेज 5.0) के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर दो महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव कुमार सिंह के निर्देशानुसार हब फॉर इम्पावरमेंट की ओर से संपन्न कराए गए।

पहला कार्यक्रम कुरारा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज में “पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस” विषय पर आयोजित किया गया। वहीं दूसरा कार्यक्रम सुमेरपुर ब्लॉक के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा में “शक्ति संवाद” के रूप में संपन्न हुआ।
दोनों कार्यक्रमों में जेंडर स्पेशलिस्ट आकिफ अहमद ने छात्राओं और बालिकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सही निर्णय बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112 और 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं, बालिकाएं और बच्चे समय रहते सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान हब फॉर इम्पावरमेंट, बाल संरक्षण इकाई और महिला थाना की टीमों ने भी बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं और महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन, अध्यापकों तथा प्रबंधन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।