
*अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न,* *14 आवेदकों की समस्याओं पर अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने की सुनवाई*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – राज्य शासन द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने 14 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, जाति प्रमाण पत्र जारी कराने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने तथा खसरा-नक्शा दुरुस्त कराने से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
इसके अलावा, जनसुनवाई के दौरान कई आवेदकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएँ भी प्रस्तुत कीं। इनमें गणराज स्व-सहायता समूह की रसोइयों द्वारा विगत तीन माह से भुगतान लंबित होने की समस्या रखी गई, जिसे सौ. सविता बोकड़े एवं सौ. नन्दा कोल्हे द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं, शास्त्री वार्ड पांढुर्णा निवासी लक्ष्मण बिंझाड़े ने अपने आवासीय मकान में हुई अचानक आगजनी से हुए नुकसान के लिए मुआवजा राशि प्रदान किए जाने का आवेदन दिया।
इसी प्रकार, प्रभाकर डोईजोड, निवासी मारुड (पांढुर्णा) द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं, गुनीता धुर्वे, निवासी मांडवी (तहसील पांढुर्णा) ने संबल योजना के अंतर्गत हितग्राही के रूप में शामिल कर योजना का लाभदिलाने की मांग रखी।
जनसुनवाई कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, जनपद पंचायत सीईओ पांढुर्णा श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।