

बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस का उद्देश्य भ्रष्टाचार मुक्त शासन, ईमानदार कार्यसंस्कृति और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना।
जहानाबाद। बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस के अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित ज्ञान भवन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जहानाबाद के जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने सत्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति की शपथ ली। शपथ में अधिकारियों ने लोक सेवक के रूप में अपने सभी कार्य पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता से करने, कानून एवं नियमों का पालन करने, जनहित को सर्वोपरि रखने तथा किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार में सहभागी या समर्थक नहीं बनने का संकल्प लिया। साथ ही भ्रष्टाचार से संबंधित किसी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई स्वीकार करने की भी प्रतिबद्धता जताई। जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस के तहत 8 जुलाई तक जिले में विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत 3 जुलाई को जिला स्तर पर शपथ ग्रहण, 4 जुलाई को सभी प्रखंड, अंचल, थाना एवं पंचायत स्तर पर शपथ कार्यक्रम, 5 जुलाई को सतर्कता विषयक व्याख्यान, 6 जुलाई को पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता, 7 जुलाई को निबंध प्रतियोगिता तथा 8 जुलाई को समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने कहा कि बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस का उद्देश्य भ्रष्टाचार मुक्त शासन, ईमानदार कार्यसंस्कृति और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक सतर्क रहेगा, तभी भ्रष्टाचार मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।