

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद के सरीला तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनकहरी जरियाटीला में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते खेतों में आग लगने से किसान की करीब डेढ़ बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित किसान का रो-रोकर बुरा हाल है। आगजनी से उसकी मेहनत की पूरी कमाई कुछ ही पलों में स्वाहा हो गई।
बताया जाता है कि गांव निवासी राधा चरन पुत्र श्रीचंद्र की खेत में खड़ी फसल अचानक आग की चपेट में आ गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण निकली चिंगारी से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब डेढ़ बीघा फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के बाद किसान राधा चरन गहरे सदमे में है। उन्होंने बताया कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और इसी फसल के सहारे परिवार का भरण-पोषण होना था। अब फसल जल जाने से उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित किसान ने शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग से उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
किसान का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें राहत नहीं मिली, तो परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की जांच कराकर पीड़ित किसान को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।