
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जामसावली (हनुमान लोक) भ्रमण की तैयारियों की व्यापक समीक्षा
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश, व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 26 मार्च 2026 के जामसावली (हनुमान लोक) भ्रमण कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए आज जामसावली मंदिर के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा की गई, जिसमें जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, एसडीएम सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा एवं सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित अन्य जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
*हेलीपैड, स्वागत एवं व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए विशेष निर्देश*
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी श्री सुभांशु चौरसिया को हेलीपैड की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से आगमन के उपरांत सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।साथ ही, स्वागत के दौरान उपयोग में लाए जाने वाले गुलदस्तों एवं अन्य सामग्रियों की पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

आबकारी विभाग को भ्रमण के दौरान समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सड़क व्यवस्था एवं जल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार सौसर को माल्यार्पण एवं पूजन से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मंच पर लगभग 42 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिससे सभी आमंत्रित अतिथियों के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार दीप प्रज्वलन के पश्चात 5 बालिकाओं का कन्या भोज आयोजित किया जाएगा, तत्पश्चात ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। स्वागत क्रम में अतिथियों का अभिनंदन पुष्प पौधों के माध्यम से किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित हो सके।
इसके पश्चात हनुमान लोक का लोकार्पण किया जाएगा एवं अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण भी संपन्न होगा। इसी क्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा तथा विभिन्न हितग्राही योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित विभागों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्मृति चिन्ह प्रदान कर आभार व्यक्त किया जाएगा तथा माननीय मुख्यमंत्री जनसमुदाय से भेंट करते हुए हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे।
बैठक के अंत में 28 मार्च को आयोजित होने वाले कथा वाचन कार्यक्रम के संबंध में भी सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियों के प्रति सचेत किया गया। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने हेतु निर्देशित किया गया।