
बनगांव में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण सम्पन्न
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड पांढुर्णा के ग्राम बनगांव में सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण अवध विद्यापीठ शिक्षण समिति के माध्यम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण विकास, स्वैच्छिकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के संचालन की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर समाजसेवी देविदास राऊत ने प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समितियां गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, एमआईएस पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संधारण और दस्तावेजीकरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
