A2Z सभी खबर सभी जिले की

पांढुर्णा में सामूहिक विवाह/निकाह की तैयारियां तेज, 19 अप्रैल को होगा भव्य आयोजन, प्रशासन की सघन तैयारियां, विभिन्न विभागों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां

पांढुर्णा में सामूहिक विवाह/निकाह की तैयारियां तेज, 19 अप्रैल को होगा भव्य आयोजन, प्रशासन की सघन तैयारियां, विभिन्न विभागों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा विधायक श्री निलेश उइके की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद पंचायत सभागृह पांढुर्णा में विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Related Articles

बैठक में एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अल्का एक्का, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लता तुमडाम, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में तय किया गया कि बारात का प्रस्थान नगर पालिका परिषद पांढुर्णा स्थित लक्ष्मी स्मृति मंगल भवन से प्रातः 9:00 बजे होगा, जो 10:00 बजे कृषि उपज मंडी समिति शेड परिसर पहुंचेगी। विवाह कार्यक्रम का आयोजन भी इसी स्थल पर किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंच संचालन की जिम्मेदारी जनपद पंचायत एवं बीआरसी स्तर के अधिकारियों को दी गई है। बारात एवं विवाह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं परिसर व्यवस्था नगर पालिका परिषद द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, जबकि बैंड-बाजा एवं आतिशबाजी की व्यवस्था विधायक प्रतिनिधि द्वारा कराई जाएगी। टेंट, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं जनपद पंचायत द्वारा निविदा के माध्यम से कराई जाएंगी। भोजन वितरण कूपन प्रणाली के तहत किया जाएगा, जिसमें वर एवं वधू पक्ष को 15-15 कूपन प्रदान किए जाएंगे। दूल्हा-दुल्हन के बैठने के लिए मंच एवं मंडप निर्माण की व्यवस्था भी जनपद पंचायत द्वारा की जाएगी।


दुल्हनों को मंच तक लाने की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपी गई है, जबकि दूल्हों की व्यवस्था विकासखंड स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में वर-वधू की उपस्थिति जल संसाधन एवं पशु चिकित्सा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। स्वागत एवं वरमाला की जिम्मेदारी उद्यानिकी विभाग को दी गई है। मंच पर अतिथियों के बैठने एवं उनके लिए पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।

फोटोग्राफी की व्यवस्था उद्यान विभाग द्वारा कराई जाएगी। विद्युत व्यवस्था मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। चिकित्सा सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टरों की टीम, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाइयों के साथ उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थाना प्रभारी पांढुर्णा को सौंपी गई है, जो बारात प्रस्थान स्थल से लेकर विवाह स्थल तक सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, पेयजल एवं चलित शौचालयों की व्यवस्था नगर पालिका परिषद द्वारा की जाएगी। विवाह/निकाह सम्पन्न कराने हेतु संबंधित को अनुदान राशि प्रदान की जाएगी तथा विभिन्न परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराए जाएंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन की सतत निगरानी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा की जाएगी तथा भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पांढुर्णा श्रीमती एक्का ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करें तथा आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!