
जनसुनवाई : अपर कलेक्टर श्री अग्निहोत्री ने सुनी 20 आवेदकों की समस्यायें
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है। अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 20 आवेदकों की समस्यायें सुनी।

इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये। जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने,प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा दिलाने, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभदिलाने, खसरा-नक्शा दुरूस्त कराने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये।

अपर कलेक्टर श्री अग्निहोत्री ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज महेन्द्र गजभिये, निवासी गुजरखेड़ी द्वारा प्रधानमंत्री मंत्री सिंचाई योजना में नाम दर्ज करने सम्बन्ध में,वंदना देवीकार निवासी-मेघनाथ वार्ड पांढुर्णा द्वारा भूमि/भूखंड का सीमांकन के लिए उचित कार्यवाही किये जाने के सम्बन्ध में,निर्मला बोरकर, निवासी ग्राम भंदारगोंदी, तहसील पांढुर्णा द्वारा निवेदन किया गया है कि उनके पुत्र स्वर्गीय महेश बोरकर की मृत्यु सड़क दुर्घटना में घायल होने के उपरांत उपचार के दौरान दिनांक 29/11/2025 को हो गई।

अतः उक्त परिस्थितियों के आधार पर उन्हें संबल योजना अंतर्गत पात्रतानुसार अनुग्रह सहायता राशि प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया है,ग्राम हिवरासनोडवार, जिला पांढुर्णा के कृषकगण द्वारा नंदन फलोद्यान योजना की राशि के सम्बन्ध में,शोभाबाई,ग्राम मारुड द्वारा लाडली बहना की राशि न मिलने के सम्बन्ध में,मनोज मानकर, निवासी भवानी वार्ड पांढुर्णा द्वारा राशन पर्ची प्राप्त करने के संबंध में,ग्राम राजना तहसील व जिला पांढुर्णा के कृषकगणविषय द्वारा विद्युत ट्रान्सफार्मर से वोल्टेज न मिलने के सम्बन्ध में, आदि के आवेदन प्रस्तुत किये।
इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एसडीएम श्रीमती अलका एक्का ,संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा और सुश्री नेहा सोनी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, सीईओ जनपद श्रीमती बंदू सूर्यवंशी, तहसीलदार पांढुर्णा श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गयी।