

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर): मौदहा कोतवाली क्षेत्र के खंडेह गांव में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली गई। शिव बारात की शुरुआत गांव के प्राचीन शिव मंदिर से हुई, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बारात का शुभारंभ किया गया।

बारात पूरे गांव में भ्रमण करती हुई श्रद्धा और उत्साह के माहौल के बीच जानकी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी, भूत-प्रेत और देवगणों के रूप में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे।
जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया गया।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।