
जमशेदपुर | 16 जनवरी 2026
पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग द्वारा परसुडीह थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ओवरलोडिंग पर रोक लगाना एवं आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था।
जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) श्री सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान 40 से अधिक बसों, मैजिक वैन एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों को रोककर उनके वैध दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के दोषी पाए गए 5 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹83,650 का जुर्माना वसूला गया।
इस अवसर पर एमवीआई श्री हेंब्रम ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ओवरलोडिंग न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी है। उन्होंने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने एवं यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर एवं सख्ती के साथ जारी रहेगा।
जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन औचक वाहन जांच की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
— आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)



