

चोपड़ा (अनिलकुमार पालीवाल) –
यहाँ श्री श्याम आस्था परिवार की ओर से पहली बार आयोजित किया गया “एक शाम खाटू वाले के नाम” श्री श्याम भजन संध्या समारोह बड़े उत्साह, उमंग और भक्तिभाव से संपन्न हुआ।
भजन संध्या का आयोजन लासूर के महात्मा गांधी माध्यमिक विद्यालय के विशाल प्रांगण में किया गया था। श्री खाटू श्याम बाबा के भव्य दरबार के दर्शन के लिए लासूर सहित पूरे चोपड़ा तालुके से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश के इटारसी से सुप्रसिद्ध भजन गायिका कृतिका मालवीय तथा महाराष्ट्र के पुणे से ऋत्विक शंखपाल ने अपनी मधुर वाणी में श्री श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
बांके बिहारी सरकार दरबार सेवा खंडवा (म.प्र.) की ओर से विभिन्न पुष्पों से बाबा का भव्य दरबार सजाया गया, वहीं मध्यप्रदेश के सुप्रसिद्ध लखदातार म्यूज़िकल ग्रुप की ताल-सुर में भजन संध्या कार्यक्रम रंगारंग बन गया।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न मीडिया माध्यमों पर किया गया, जिससे असंख्य श्री श्याम प्रेमियों ने भजन संध्या का आनंद लिया।
कार्यक्रम की सफलता में गाँव की युवा शक्ति का अनमोल सहयोग रहा। श्रद्धालुओं के उत्साहपूर्ण प्रतिसाद को देखते हुए श्री श्याम आस्था परिवार के सदस्यों ने बताया कि लासूर गाँव में प्रतिवर्ष श्री श्याम वार्षिकोत्सव आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।