
छपरा, 10 अक्टूबर।
बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी गई। अधिसूचना जारी होते ही जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर ने समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।
कहां होंगे नामांकन दाखिल
डीएम ने बताया कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल करने हेतु अलग-अलग कार्यालय चिह्नित किए गए हैं।
जिला मुख्यालय में छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन होगा —
- एकमा: जिला पंचायत कार्यालय
- मांझी: डीसीएलआर, छपरा सदर कार्यालय
- गड़खा (अ.जा.): जिला भू-अर्जन कार्यालय
- बनियापुर: डीआरडीए कार्यालय (प्रथम तल)
- अमनौर: डीआरडीए कार्यालय (ग्राउंड फ्लोर)
- छपरा: अनुमंडल कार्यालय
मढ़ौरा अनुमंडल में —
- मढ़ौरा: एसडीएम कार्यालय
- तरैया: भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय
सोनपुर अनुमंडल में —
- सोनपुर: एसडीएम कार्यालय
- परसा: भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय
अभ्यर्थी इन कार्यालयों से नामांकन प्रपत्र (Form-2B) और आवश्यक किट प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को ₹10,000 तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को ₹5,000 की नाजिर रसीद कटवानी होगी। प्रत्येक आरओ कक्ष में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को हर जरूरी जानकारी तत्काल मिल सके।
नामांकन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और निस्पक्ष
डीएम अमन समीर ने कहा कि पूरी नामांकन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाएगी। सभी निर्वाची पदाधिकारियों (ROs) को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। नामांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्राप्त नामांकन पत्रों को उसी दिन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और आरओ कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा।
नामांकन के लिए समयसीमा और अवकाश
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी।
हालांकि 11 और 12 अक्टूबर (सरकारी अवकाश) को नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
नामांकन पत्र प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे।
नाम निर्देशन हेतु आवश्यक दस्तावेज
अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन पत्र प्रपत्र-2ख (दो प्रतियों में) के साथ निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करने होंगे —
- शपथ पत्र (प्रपत्र-26)
- निर्वाचक नामावली की सत्यापित प्रति
- नाजिर रसीद की मूल प्रति
- जाति प्रमाण पत्र (एससी/एसटी हेतु)
- निर्वाचन व्यय हेतु बैंक पासबुक की प्रति
- तीन माह के भीतर का खींचा गया रंगीन फोटो
- संपर्क विवरण, नाम का मुद्रण नमूना
- राजनीतिक दल से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए प्रपत्र ‘A’ एवं ‘B’ की मूल प्रति
- प्रस्तावक का विवरण (स्वतंत्र उम्मीदवार हेतु 10 प्रस्तावक आवश्यक)
अन्य शर्तें और दिशा-निर्देश
डीएम ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी बिहार के किसी भी विधानसभा क्षेत्र का मतदाता हो सकता है, किंतु प्रस्तावक का मतदाता होना उसी क्षेत्र में अनिवार्य है।
यदि अभ्यर्थी पिछले 10 वर्षों में सरकारी आवास का लाभ उठा चुका है, तो उसे नो-ड्यूज़ सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा।
साथ ही, यदि किसी अभ्यर्थी पर अपराध संबंधी मामले लंबित हैं, तो उन्हें इसकी जानकारी प्रपत्र C-1 (स्वतंत्र) या C-2 (दलीय) में भरकर प्रकाशित करनी होगी।
आदर्श आचार संहिता का पालन अनिवार्य
नामांकन के दौरान अभ्यर्थी को आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा।
- केवल तीन वाहन ही आरओ कार्यालय से 100 मीटर की परिधि तक जा सकेंगे।
- नामांकन कक्ष में अधिकतम चार व्यक्ति (अभ्यर्थी सहित) को प्रवेश की अनुमति होगी।
- किसी प्रकार का जुलूस, झंडा, बैनर, लाउडस्पीकर या अस्त्र-शस्त्र साथ लाना निषिद्ध है।
39 एफएसटी और 30 एसएसटी टीमें सक्रिय
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अब तक एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि एक अन्य मामले में कार्रवाई चल रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में 39 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST) और 30 स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) सक्रिय कर दी गई हैं।
इसके अलावा 10 इंटरस्टेट व इंटरडिस्ट्रिक्ट चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं — यूपी के बलिया, पटना, वैशाली, आरा, सिवान, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अर्धसैनिक बलों द्वारा लगातार एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। संभावित उम्मीदवारों एवं प्रस्तावकों को सलाह दी गई है कि यदि उन पर कोई लंबित मामला है, तो उसकी जानकारी पहले से जांच लें, अन्यथा नामांकन केंद्र पर गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है।
उपस्थित अधिकारी
प्रेस कांफ्रेंस में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
(संवाददाता — डॉ देशराज बिक्रांत , छपरा, सारण, बिहार)
#biharelection2025
#jointpressBRIEFING
#DM #SSP
#saran
#chapra
#ChiefElectoralOfficer,Bihar
#इलेक्शनकमिश्नफाइंडिया

