
कौशाम्बी से सनसनीखेज वारदात : घर के अंदर मिला महिला का शव, धारदार हथियार से गला रेतकर की गई हत्या
संवाददाता:प्रभाकर मिश्र
कौशाम्बी। जनपद में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला का शव उसके ही घर के अंदर खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अज्ञात हत्यारों ने महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी है। यह दिल दहला देने वाली घटना सैनी थाना क्षेत्र के सिराथू स्थित डेढ़वाई पर की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका घर पर अकेली थी। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को निशाना बनाया और धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। घटना का पता तब चला जब परिजन घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने महिला का शव देखा, उनके होश उड़ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम छा गया है।
हत्या की खबर लगते ही सैनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में लूट या पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
ग्रामीणों की मानें तो मृतका शांत स्वभाव की थी और किसी से उसका कोई विवाद नहीं था। फिर भी दिनदहाड़े इस तरह से घर के अंदर घुसकर हत्या कर देना कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और महिला को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।




