
आकाशीय बिजली गिरने से दो गायों की मौत, किसान परिवार सदमे में
संवाददाता: प्रभाकर मिश्र
कौशाम्बी। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के चांदकन गांव में आज तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। चांदकन गांव निवासी शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय की दो दुधारू गायें इसकी चपेट में आकर मौके पर ही मौत के घाट उतर गईं। अचानक हुई इस घटना से गांव के लोग दहशत में आ गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार दोपहर में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ गड़गड़ाहट शुरू हो गई। तभी खेत के किनारे बंधी शैलेन्द्र पाण्डेय की गायों पर बिजली गिर गई। देखते ही देखते दोनों गायों की मौत हो गई। यह हादसा किसान परिवार के लिए बड़ी आर्थिक क्षति साबित हुआ है क्योंकि दोनों गायें दुधारू थीं और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत मुआवजे की मांग की है। साथ ही उन्होंने सरकार से अपील की कि आकाशीय बिजली से बचाव के लिए ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जाए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। किसान शैलेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गायों के सहारे ही परिवार का भरण-पोषण होता था, उनकी मौत से भारी संकट खड़ा हो गया है।