
घोषी विधायक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा विरोध प्रदर्शन
दीपांकर भट्टाचार्य से प्रत्याशी बदलने की कर रहे मांग
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामबली सिंह यादव का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। यह विरोध भाकपा माले द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुआ। दरअसल भाकपा माले ने विधायक रामबली सिंह यादव के पांच वर्षों के कार्यकाल का ‘रिपोर्ट कार्ड’ जारी करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में दीपांकर भट्टाचार्य भी मौजूद थे। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर विधायक के खिलाफ नारेबाजी की, जिसमें ‘बाहरी हटाओ, घोसी बचाओ’ जैसे नारे शामिल थे। राजद नेता रामदीप यादव ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक ने पिछले पांच वर्षों में कोई विकास कार्य नहीं कराया है। उन्होंने विधायक पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का भी आरोप लगाया, जिसके कारण लोग उनका विरोध कर रहे हैं। जहां विधायक रामबली सिंह यादव ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने घोसी में लगातार विकास कार्य किए हैं और इसका रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने जारी किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें विधायक फंड में 16 करोड़ रुपये मिले थे, जिसका उपयोग विभिन्न विकास कार्यों में किया गया है, जिसका ब्यौरा उन्होंने प्रस्तुत किया है। जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं, जिन पर महागठबंधन का कब्जा है। हालांकि, तीनों विधायकों को लगातार जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोग दीपांकर भट्टाचार्य से प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे हैं, तो कुछ लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से उम्मीदवार बदलने का आग्रह कर रहे हैं।