
अलीगढ़ न्यूज
तीन पालियों के लिए 3866 परीक्षार्थी पंजीकृत
परीक्षा की पवित्रता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल एवं मजिस्ट्रेट तैनात
अलीगढ़ 12 सितम्बर 2025 संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा रविवार 14 सितम्बर को जिले में सीडीएस परीक्षा-2025, एनडीए एवं एनए परीक्षा-2025 आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा को निष्पक्षता एवं पूर्ण पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी नगर अमित कुमार भट्ट की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा तीन पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12ः30 से 2ः30 बजे तक और तीसरी पाली सांय 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3866 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता व गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। साथ ही नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिविल लाइन, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
एडीएम सिटी ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और केवल आवश्यक सामग्री ही साथ लाएं, पूर्ण रूप से चैकिंग-फ्रैस्किंग के उपरांत ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पुलिस, नगर निगम, चिकित्सा, अग्निशमन, रोडवेज, रेलवे, विद्युत एवं शिक्षा विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, सफाई, चिकित्सा, परिवहन, अग्निशमन और विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोषागार में डबल लॉक व्यवस्था लागू की गई है
निर्धारित परीक्षा केंद्र
श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, श्री गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, रतन प्रेम गर्ल्स डीएवी इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।