A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेझारखंड

झारखंड मे भारी मॉनसून से जीवन अस्त-व्यस्त,आज भी भारी बारिश का अलर्ट

अखण्ड भारत के लिए सन्नी चावला की रिपोर्ट :-

झारखंड में इन दिनों मॉनसून रौद्र रूप दिखा रहा है। राज्य में नदियां उफान पर हैं, सड़कें तालाब बन गईं हैं और रांची से रामगढ़ तक लोग छाता लेकर भी तरबतर हैं। कई शहरों में घरों में पानी भर गया है।

आम जीवन अस्त व्यस्त है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, आज भी बादल जमकर बरसने को तैयार हैं। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर ऑरेंज को कहीं येलो अलर्ट जारी किया है। इस मॉनसून ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं और दुखद हादसों में सात लोगों की जान भी चली गई।

 

Related Articles

जमकर बरस रहा मॉनसून

 

मौसम विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने झारखंड में 17 जून को ही दस्तक दे दी थी, जो पिछले 16 सालों में सबसे जल्दी आगमन है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने मॉनसून को और ताकत दी, जिसके चलते राज्य में जून की शुरुआत से अब तक 231.2 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 106% ज्यादा है। रांची में तो 412.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 257% अधिक है।

 

सोमवार को मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया, जिसके चलते हजारीबाग में सबसे अधिक 54 मिमी, रांची में 44 मिमी, और लातेहार में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिसका असर 24 से 27 जून तक झारखंड में दिखेगा। आज रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़, और पश्चिम सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है, जबकि 26 जून को रांची, गुमला, सिमडेगा, और लोहरदगा में भारी बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट की संभावना है।

 

रांची में बारिश का तांडव

 

राजधानी रांची में बारिश ने रोद्र रूप दोनों दिखाए हैं। सोमवार को मूसलाधार बारिश ने सड़कों को नदियों में बदल दिया। बिरसा चौक के बंधु नगर जैसे इलाकों में घरों में नाले का पानी घुस गया, जिससे लोग रातभर पानी निकालते रहे। पंडारा रोड तालाब में तब्दील हो गया, और कांके रोड पर स्कूलों ने बच्चों को जल्दी छुट्टी दे दी क्योंकि सड़कों पर पानी घुटनों तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में आज 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात का खतरा भी है। अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है।

 

जिले-दर-जिले मौसम का हाल

 

रांची, खूंटी, रामगढ़: येलो अलर्ट, भारी बारिश और तेज हवाएं।

गुमला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, लोहरदगा: 26 जून को ऑरेंज अलर्ट की संभावना।

साहिबगंज, गोड्डा, दुमका: हल्की से मध्यम बारिश, येलो अलर्ट।

पलामू, गढ़वा, चतरा: मेघगर्जन के साथ बारिश, तापमान 37°C तक।

जमशेदपुर, बोकारो: जलजमाव की समस्या, हल्की बारिश जारी।

हजारीबाग, धनबाद: भारी बारिश से जलजमाव, खदानों और कच्चे मकानों को नुकसान की आशंका।

नदियां उफान पर, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 

मॉनसून की मेहरबानी ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। खूंटी के तोरपा में बनई नदी पर बना पुल बारिश के कहर में ढह गया, जिससे आवागमन ठप हो गया। लातेहार में औरंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से किनारे के घरों पर खतरा मंडरा रहा है। जमशेदपुर में 247 मिमी बारिश ने कॉलोनियों को पानी में डुबो दिया, जबकि बोकारो में तेनुघाट डैम के गेट खोलने पड़े। रांची के बेड़ो में डायवर्जन बह गया, और लोहरदगा में शंख नदी उफान पर है। रामगढ़ में भैरवी नदी के उफान ने पास के गांवों में हड़कंप मचा दिया, जहां एनडीआरएफ ने 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पश्चिम सिंहभूम में खनन क्षेत्रों में पानी भरने से काम रुक गया है।

 

दुखद हादसे: बारिश और वज्रपात ने छीनीं सात जिंदगियांन

मानसून की बारिश ने जहां खेतों को हरा-भरा किया, वहीं कई दुखद हादसों ने परिवारों को सदमे में डाल दिया। प्राप्त सूचना के अनुसार, राज्यभर में बारिश और वज्रपात से सात लोगों की जान चली गई। हजारीबाग में बारिश के दौरान छत ढहने से दंपति की मौत हो गई, वहीं गढ़वा में अलग-अलग स्थानों पर ठनका से महिला और बुजुर्ग की तो रांची के सोनाहातू में दो महिलाओं की मौत हो गई। रांची शहर में भी दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, इधर, जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित एक फ्लैट पर ठनका गिरने से एक छात्र की जान चली गई।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!