बानसूर। यादव समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। अखिल भारतीय अहीर महासभा राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में यादव समाज के लोगों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर संगीत रागी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुकेश यादव ने आरोप लगाया कि संगीत रागी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिबेट में पूरे भारत के यादव समाज को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान पर चोट है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुकेश यादव ने दावा किया कि इस घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है, जो टिप्पणी का प्रमाण है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि वीडियो को आधार बनाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान यादव समाज के अनेक लोग मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में कार्रवाई की मांग उठाई।
