बानसूर। किताबों से आगे भी एक दुनिया है, जहां हक की लड़ाई कानून से लड़ी जाती है। यही संदेश लेकर जागृति फाउंडेशन संस्थान, बानसूर ने विद्यार्थियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर लगाया। नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को विधिक सेवाएं) योजना, 2015 के तहत हुए इस शिविर में विद्यार्थियों को बताया गया कि मजदूर, श्रमिक और आम आदमी अकेला नहीं है, कानून उसके साथ खड़ा है।
शिविर में विधिक सलाहकार प्रियंका शर्मा ने बड़े ही सरल अंदाज में विद्यार्थियों को समझाया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को क्या अधिकार मिले हैं, शोषण और अन्याय से कैसे बचा जा सकता है और जरूरत पड़ने पर निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे मिलती है। उन्होंने कहा कि अधिकारों की जानकारी ही सबसे बड़ी ताकत है, जो जानता है, वो कभी दबता नहीं।
शिविर में विद्यार्थियों ने न सिर्फ योजना को समझा, बल्कि यह संकल्प भी लिया कि वे अपने साथ-साथ दूसरों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। जागृति फाउंडेशन का यह प्रयास बानसूर में एक नई जागृति की शुरुआत बन गया है।
