मौदहा (हमीरपुर)। शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर को मौदहा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने कुंवारी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही देवी मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों की चहल-पहल रही।
महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान किए गए। श्रद्धालुओं ने परंपरानुसार कन्याओं को आसन पर बैठाकर उनके पैर धोए, तिलक लगाया और विधि-विधान से पूजन किया।
इसके बाद हलवा-पूरी, चना सहित विभिन्न पकवानों का भोजन कराया गया। भोजन के उपरांत कन्याओं को फल, मिठाई, उपहार और दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
मौदहा कस्बे के बड़ी देवी मंदिर, पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित दुर्गा पूजा पंडाल, गांधी इंटर कॉलेज के पास स्थापित पंडाल, मराठीपुरा स्थित पंडाल एवं देवी मंदिर तथा तहसील के पास स्थित मंदिर में कन्या पूजन और भोज का आयोजन हुआ। इसके अलावा लोगों ने अपने घरों में भी कन्याओं को भोजन कराकर नवरात्र की पूजा-अर्चना संपन्न की।
महानवमी के अवसर पर मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाकर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
