मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के गुड़ाई बाजार में कूड़े के ढेर में लगाई गई आग ने एक कपड़े की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते आग की लपटों ने दुकान में रखे लाखों रुपये के कपड़े और अन्य सामान को जलाकर राख कर दिया। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक आग से करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार गुड़ाई बाजार स्थित आजाद टेलर की दुकान के पास कूड़े का ढेर लगा हुआ था। व्यापारी सूरज कुशवाहा का आरोप है कि सफाई कर्मचारी ने उसकी दुकान के समीप कूड़े का ढेर लगाकर उसमें आग लगा दी।
इसी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान तक पहुंच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था।
घटना में व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कस्बे में हुई इस घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
पीड़ित व्यापारी ने सफाई कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में आरोपों की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।
