बानसूर उपखण्ड क्षेत्र के धीरपुर में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद भी रास्ता नहीं खुला तो ग्रामीणों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 60 साल पुराने कुएं तक जाने वाला एकमात्र सार्वजनिक रास्ता खसरा नंबर 82 में था, जिसे महेश नामक व्यक्ति ने बंद कर अपने खेत में मिला लिया।
कुएं पर जन्म के बाद कुआं पूजन और मृत्यु के बाद कर्म की परंपरा निभाई जाती है, जो अब रास्ता बंद होने से रुक गई है। ग्रामीणों ने पहले उप तहसीलदार हरसौरा को ज्ञापन दिया, पटवारी रिपोर्ट में अतिक्रमण सही पाया गया और उप तहसीलदार ने जुर्माना लगाकर बेदखल करने के आदेश दिए, लेकिन मौके पर पटवारी व आईएलआर के साथ गाली-गलौच कर अतिक्रमण नहीं हटने दिया गया।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि महेश ने गांव के रास्ते और नाले पर भी जेसीबी से अतिक्रमण कर लिया है। इस दौरान देशराज यादव, भागचंद यादव, शिव कुमार शर्मा, नीरज शर्मा, मुकेश जिंदोलिया, रामावतार जिंदोलिया, देशराज जिंदोलिया, सतीश शर्मा, गिर्राज प्रसाद शर्मा, सुनील शर्मा सहित अनेकों ग्रामीण मौजूद रहे।
