*विकास खण्ड बसखारी में फागिंग मशीन क्रय में की गई बड़े पैमाने पर अनियमितता की जांच के आदेश*
*खण्ड विकास अधिकारी बसखारी को जिला पंचायत राज अधिकारी ने जारी किया पत्र एक सप्ताह में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश*
*अम्बेडकर नगर*
विकास खण्ड बसखारी के लगभग सभी ग्राम पंचायतों में शासन की मंशानुरूप वित्तीय वर्ष 2025-2026 में फागिंग मशीन क्रय किए जाने का निर्देश जारी किया गया था। उक्त के क्रम में विकास खण्ड बसखारी के लगभग सभी ग्राम पंचायतों में फागिंग मशीन का क्रय बाजार मूल्य से दोगुना अधिक की धनराशि का भुगतान कर ऐसे फर्म में किया गया है जो कि फागिंग मशीन की आपूर्ति हेतु अधिकृत ही नहीं है।इस प्रकार ग्राम पंचायतों में वस्तुओं के क्रय किये जाने के सम्बन्ध में शासन द्वारा जारी शासनादेश का घोर उल्लंघन करते हुए फागिंग मशीन क्रय के नाम पर बड़े पैमाने पर शासकीय धनराशि का अपव्यय एवं बन्दर बांट के सम्बन्ध में शिकायत कर्ता द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी अम्बेडकर नगर द्वारा सम्बन्धित प्रकरण की जांच कर साक्ष्यों सहित आख्या एक सप्ताह में उपलब्ध कराने हेतु खण्ड विकास अधिकारी बसखारी को पत्र प्रेषित किया गया है।
अब देखना यह होगा कि क्या खण्ड विकास अधिकारी बसखारी द्वारा प्रकरण की अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर पारदर्शिता पूर्ण निष्पक्ष जांच संपादित कर स्पष्ट आख्या एक सप्ताह में जिला पंचायत राज अधिकारी अम्बेडकर नगर कार्यालय को प्रेषित करते हैं और जिला पंचायत राज अधिकारी अम्बेडकर नगर प्राप्त आख्या के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुकूल त्वरित प्रभावी कार्यवाही सम्पादित करते हुए अतिरिक्त व्यय धनराशि की रिकवरी करवाने में सफल होते हैं या फिर परम्परागत तरीके से सम्बन्धित प्रकरण की फाइल को भी अपने कार्यालय की फाइलों में धूल फांकने हेतु हमेशा के लिए कैद कर दिया जाता है। फिलहाल इन सभी तथ्यों की पुष्टि एवं अग्रिम कार्यवाही की स्थिति एक सप्ताह बाद ही स्पष्ट हो सकती है।
