बानसूर क्षेत्र की ग्राम पंचायत महनपुर में गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच बबली देवी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रूप से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
ग्राम विकास अधिकारी मनोज महराणियां ने नवनिर्वाचित सरपंच बबली देवी को कार्यभार ग्रहण करवाया। इस दौरान नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच व वार्ड़ पंचों का ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सरपंच बबली देवी ने ग्राम पंचायत के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत महनपुर में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
ग्रामीणों को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि आमजन को पानी की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि गांव में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करना, जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगवाना और ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य करवाना भी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
पंचायत के प्रत्येक गांव और ढाणी में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बबली देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत का विकास सभी ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है।
उनका प्रयास रहेगा कि बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए जाएं और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए। इस दौरान ऊंछपुर सरपंच अभिषेक मीणा, पूर्व सरपंच रतिराम गुर्जर, बाबूलाल चौहान, मानाराम कुमावत, महेश कुमावत, उपसरपंच टिड्डों देवी, लक्ष्मण सिंह, विजय सिंह समेत वार्ड़ पंच, जनप्रतिनिधि, पंचायत कार्मिक व ग्रामीण मौजूद रहें।
