आग ने छीन लिया 15 परिवारों का आशियाना, बेबसी के बीच गुलजार आलम बने सहारा
चंदपारा में भीषण अगलगी से मची तबाही, घरों के साथ रसोईघर और गौशाला भी जलकर राख; जिला परिषद सदस्य ने बांटी राहत सामग्री, ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर दमकल की व्यवस्था की उठाई मांग
प्रखंड बारसोई अंतर्गत नालसर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित चंदपारा गांव में रविवार दोपहर खाना बनाने के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 परिवारों के आशियाने, रसोईघर एवं गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में घरों में रखे अनाज, कपड़े, जरूरी सामान और नकदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवारों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर में खाना बनाने के दौरान एक घर में आग लगी। देखते ही देखते आग आसपास के घरों तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों में रखे सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। घरों में रखे अनाज, कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को अपनी आंखों के सामने जलता देख पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया। उन्होंने अपने स्तर से प्रभावित परिवारों के बीच चावल, कपड़े एवं नकद राशि का वितरण कर तत्काल राहत पहुंचाई। उनकी इस मानवीय पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की।
इस दौरान पीड़ित परिवारों ने भावुक होकर कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम उनके बीच पहुंचे और अपने स्तर से चावल, कपड़े एवं नकद राशि देकर मदद की। इसके लिए सभी पीड़ित परिवारों ने उनका आभार प्रकट किया।
मौके पर गुलजार आलम ने बताया कि अगलगी की सूचना बारसोई अंचलाधिकारी को दे दी गई है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को भी फोन किया गया था, लेकिन बारसोई से दमकल की गाड़ी पहुंचने तक 15 परिवारों के आशियाने, रसोईघर और गौशाला समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि यदि आबादपुर थाना क्षेत्र में ही दमकल की गाड़ी उपलब्ध रहती तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था और लोगों के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
उन्होंने अंचलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर पीड़ित परिवारों के लिए अविलंब राहत सामग्री एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही कहा कि बेघर हुए परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष भी मांग रखेंगे, ताकि पीड़ित परिवारों को दोबारा अपना आशियाना मिल सके।
वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी दमकल व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताते हुए सरकार से प्रत्येक पंचायत में दमकल वाहन की व्यवस्था करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के दौरान दमकल की गाड़ी पहुंचने में होने वाली देरी से भारी नुकसान उठाना पड़ता है। यदि पंचायत स्तर पर दमकल की व्यवस्था हो तो समय रहते आग पर काबू पाकर लोगों की जान-माल और संपत्ति की रक्षा की जा सकती है।
अगलगी से प्रभावित परिवारों के नाम: सालेमा खातुन, आनसुरा खातुन, मंगलू, चेचरू, हान्नान, अंसार, अनवर, सानवार एवं सामेरुल सहित अन्य परिवार।
मौके पर वार्ड सदस्य अपूर्व मंडल, शहजहां, सरपंच अलीमुद्दीन, मिस्टर, उदन, पूर्व मुखिया हकीमुद्दीन, सुमन, यूनुस, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
