हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर सितंबर माह की रैंकिंग के आधार पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
समीक्षा में जनपद की समग्र रैंकिंग 24वीं और विकास कार्यों की रैंकिंग 46वीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार कर जनपद को टॉप-10 में लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों की रैंकिंग में सुधार करके जनपद की समग्र रैंकिंग को टॉप-10 में लाया जा सकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ गंभीरता और प्रतिबद्धता से कार्य करें।
योजनाओं की प्रगति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आईजीआरएस सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। डीएम ने सभी विभागों को निर्धारित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने तथा सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर आंकड़ों की सही और समयबद्ध फीडिंग करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने और अक्टूबर माह के लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने के चलते विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।
सभी विभाग मार्च 2027 तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करें। प्रत्येक विभाग अपनी रैंकिंग ए-ग्रेड में लाने के लिए ठोस प्रयास करे, जिससे आगामी महीनों में जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अल्का शुक्ला, उपायुक्त श्रम रोजगार राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी, उपनिदेशक कृषि डॉ.
प्रमोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
