
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में जनपद में ग्राम चौपालों के आयोजन के साथ-साथ अतिवृष्टि एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं एवं फसल क्षति का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सरीला श्री विकास कुमार यादव की अध्यक्षता में विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बिलगांव में ग्राम चौपाल आयोजित की गई।
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, आवास, सड़क, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अतिवृष्टि एवं विरमा नदी में आई बाढ़ से फसलों को हुई क्षति से संबंधित समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों द्वारा नया आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए जाने तथा आबादी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग भी रखी गई।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर फसलों एवं अन्य संभावित नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति का स्थलीय सर्वे कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।
पेयजल की समस्या के संबंध में एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को गांव में पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवास से संबंधित प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ ही ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत अन्य शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम श्री विकास कुमार यादव ने कहा कि अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा क्षति का आकलन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


