
प्रियंका को न्याय दो”, “दोषियों को गिरफ्तार करो” और “दहेज प्रथा बंद करो
प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

जहानाबाद। जिले की बेटी प्रियंका कुमारी की संदिग्ध मौत को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। गुरुवार को प्रियंका को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सेरथुआ मोड़ से टोल प्लाजा तक कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और युवा शामिल हुए। परिजनों के अनुसार, प्रियंका कुमारी की शादी लगभग एक वर्ष पहले गया जिले के कोच निवासी सचिन कुमार से हुई थी। घटना के बाद प्रियंका के ससुराल पक्ष की ओर से ग्रामीणों ने मायके वालों को फोन पर सूचना दी। जब प्रियंका के परिजन गया जिले के कोच पहुंचे, तो उन्हें वहां का नजारा देखकर हैरानी हुई। आरोप है कि प्रियंका का शव वहां से गायब था और पति सहित ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
इसके बाद लड़की के परिजनों ने सोमवार को गया जिले के कोच थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित आवेदन दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि, परिजनों का कहना है कि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी विरोध में जहानाबाद में कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “प्रियंका को न्याय दो”, “दोषियों को गिरफ्तार करो” और “दहेज प्रथा बंद करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च के दौरान पूरे इलाके में भावुक माहौल रहा, जिसमें लोगों ने एकजुट होकर प्रियंका कुमारी को जल्द इंसाफ दिलाने की मांग दोहराई।