A2Z सभी खबर सभी जिले की

ईदगाह स्थल पर मुख्य समारोह का आयोजन

शहर के फिदा हुसैन मोड़ के पास स्थित ईदगाह स्थल पर मुख्य समारोह का आयोजन

विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा कर अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी

जहानाबाद। शहर सहित पूरे जिले में गुरुवार को कुर्बानी का पर्व बकरीद धूमधाम और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा कर अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। शहर के फिदा हुसैन मोड़ के पास स्थित ईदगाह स्थल पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाह पर नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। नए परिधानों में सजे लोग त्योहार की खुशियों में शामिल होते नजर आए। इस मौके पर जिले के कई गणमान्य व्यक्ति भी ईदगाह पहुंचे और लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा ने भी समारोह में पहुंचकर लोगों को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए।

Related Articles

पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। बकरीद को लेकर बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। लोगों ने अपने घरों में पारंपरिक व्यंजन बनाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। जिले में पूरे दिन सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा।

Show More
Back to top button