
चना एवं मसूर उपार्जन हेतु कार्य दिवसों में वृद्धि, अब शनिवार को भी होगी खरीदी कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन का निर्णय, सप्ताह में 6 दिन संचालित होगा उपार्जन कार्य
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
रबी वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) में प्राईस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत चना एवं मसूर के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन के संबंध में मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार रबी वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) में प्राईस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत चना एवं मसूर का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्य सप्ताह में 5 दिवस अर्थात सोमवार से शुक्रवार तक किए जाने का प्रावधान निर्धारित था।

भारत सरकार द्वारा दिनांक 08 मई 2026 को आयोजित फसल चना एवं मसूर उपार्जन की समीक्षा बैठक के अनुक्रम में प्रदेश शासन द्वारा कृषकों के हित एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए उपार्जन कार्य दिवसों में एक दिवस की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। शासन के निर्णय अनुसार अब चना एवं मसूर उपार्जन कार्य सप्ताह में 6 दिवस अर्थात सोमवार से शनिवार तक संचालित किया जाएगा।
शासन के इस निर्णय से कृषकों को अपनी उपज विक्रय करने में अधिक सुविधा प्राप्त होगी तथा उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।