

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में रविवार के दिन बड़े चौराहा स्थित नेशनल हाईवे-34 पर अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने रोड किनारे खड़े ट्रकों को हटवाते हुए चालकों को कड़ी चेतावनी दी।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि हाईवे किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क किनारे खड़े ट्रकों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है और राहगीरों को निकलने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कई ट्रकों को हटवाया और चालकों को भविष्य में सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, एआरटीओ अमिताभ राय सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।