A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :यमुना नदी में नाव पलटी, 6 लोग लापता; रातभर चला राहत एवं बचाव अभियान

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव के मजरा कुतुबपुर के पास बुधवार रात यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी नाव अचानक नदी में पलट गई। नाव में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से 3 लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और परिजनों में कोहराम मच गया।

Related Articles

जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर निवासी श्रीपाल की बेटी की शादी मंगलवार को थी। बुधवार को विदाई के बाद कई रिश्तेदार नाव के जरिए यमुना पार तरबूज खाने चले गए थे। वापसी के दौरान नाव चला रहा युवक मोबाइल फोन पर बात करने लगा, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव नदी में पलट गई। नाव पलटते ही सभी लोग नदी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

बताया गया है कि नाव पर रानी पुत्री बच्चन निषाद, आकांक्षा, ब्रजरानी, लव्यांश, गोरेलाल, आदित्य, विष्णु, रिंकू और पारुल सवार थे। इनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और NDRF की टीमों को लगाया गया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। वहीं चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी भी देर रात मौके पर पहुंचे और अभियान की निगरानी की।

प्रशासन के अनुसार, लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

Show More
Back to top button