

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर के मौदहा कस्बे के कुम्हरौड़ा मोहल्ले में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव घर के अंदर बिजली के तार से फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय हरि के रूप में हुई है, जो टीवी रिपेयरिंग का काम करता था।
बताया जा रहा है कि अज्ञात कारणों के चलते अधेड़ ने बिजली के तार से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब उसकी मां कमरे में पहुंची तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी करीब तीन साल पहले घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था और लंबे समय से बीमारी से भी जूझ रहा था।
सूचना मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।