
बानसूर। उप जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन में 4 मई को हुए AC ठेकेदार रामसिंह के सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और गाजियाबाद में दबिश देकर हत्या व डकैती में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार चाकू भी बरामद किए गए हैं।
घटना 4 मई की सुबह सामने आई थी जब फलोदी निवासी ठेकेदार रामसिंह का शव अस्पताल भवन की सीढ़ियों के पास खून से लथपथ मिला। मृतक के भतीजे विजेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दी थी कि वह, रामसिंह और फैजान अस्पताल में एसी डक्टिंग का काम करते थे और वहीं रहते थे। 3 मई की रात खाना खाकर तीनों सो गए थे। सुबह रामसिंह लहूलुहान हालत में मिला और बिजली स्टोर का ताला टूटा हुआ था। कीमती सामान भी गायब था। इस पर थाना बानसूर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश आईपीएस व जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। एएसपी नाजिम अली खान, एएसपी सुरेश खिंची व वृत्ताधिकारी मेघा गोयल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। साइबर सेल, एजीटीएफ और जिला विशेष टीम ने तकनीकी एनालिसिस कर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस टीमों ने गुरुग्राम, नई दिल्ली के धौला कुआं, सराय काले खां, निजामुद्दीन, यमुना पार, कोटला इलाकों में दबिश दी।
पुलिस ने फैजान पुत्र अबरार अली निवासी फिरोजाबाद, मोहम्मद बिलाल निवासी बिजनौर हाल मयूर विहार दिल्ली, मोहम्मद सोहेल निवासी मुरादाबाद, हिमांशु निवासी गाजियाबाद हाल शशी गार्डन दिल्ली और सायमान निवासी मुरादाबाद को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी 19 से 21 साल की उम्र के हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की नीयत से स्टोर का ताला तोड़ा था। विरोध करने पर रामसिंह की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस मामले में गहन अनुसंधान कर रही है।