
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। देवों के देव महादेव को समर्पित पावन श्रावण मास का शुभारंभ आज से हो गया है। इसके साथ ही नगर सहित आसपास के समस्त शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने लगेगी। प्रातःकाल से ही श्रद्धालु गंगाजल, नर्मदा जल, दुग्ध, दही, घृत, शहद एवं शक्कर से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करेंगे। पूरा नगर “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

*रुद्राभिषेक*
श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक, पंचामृत स्नान, विशेष श्रृंगार, धूप-दीप, नैवेद्य, पंचखोखा मिठाई का भोग तथा भव्य महा आरती का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं रंग-बिरंगे पुष्पों से भगवान भोलेनाथ का मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
*कांवड़ यात्रा*
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का भी विशेष महत्व है बड़ी संख्या में श्रद्धालु समीप बहने वाली पावन मां नर्मदा से कांवड़ों में जल भरकर कई किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए मनावर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों तक पहुंचेंगे। श्रद्धालु “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का नर्मदा जल से जलाभिषेक कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करेंगे।
*पावन पालकी*
श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को नगर के प्राचीन एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बंकनाथ अटल दरबार से भगवान की पावन पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से पूरे धार्मिक उल्लास, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ निकाली जाएगी। श्रद्धालु पालकी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। वहीं श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
*प्रमुख शिवालय*
श्रावण मास में नगर के प्रमुख शिवालयों— बंकनाथ अटल दरबार, गुप्तेश्वर कांच मंदिर, जागेश्वर मंदिर, थानेश्वर मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर शिवालय, मंगलादेवी मंदिर शिवालय, चामुंडादेवी मंदिर शिवालय, दुर्गा मंदिर शिवालय, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर कस्थली, श्री राम मंदिर शिवालय मान नदी किनारे, पुराना तहसील परिसर शिव मंदिर, सिंचाई कालोनी शिव मंदिर, विद्युत मंडल ग्रिड शिव मंदिर तथा पुराना न्यायालय परिसर स्थित शिव मंदिर—में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, महाआरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा।
*”हर हर महादेव” तथा “ॐ नमः शिवाय”* श्रावण मास के दौरान शिवालयों में प्रतिदिन सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। भगवान भोलेनाथ के भक्त व्रत, उपवास, भजन-कीर्तन एवं शिव आराधना में लीन रहेंगे। पूरा नगर एक माह तक शिवमय वातावरण में डूबा रहेगा और चारों ओर “हर हर महादेव” तथा “ॐ नमः शिवाय” का पावन उद्घोष निरंतर गूंजता रहेगा।


