पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव के निधन के बाद शोक संवेदनाओं का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शनिवार को अलवर स्थित उनके आवास पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजनीतिक गलियारों से लेकर सामाजिक क्षेत्र तक हर तरफ डॉ.
यादव के निधन की चर्चा छाई है। उनके आवास पर दिनभर नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों का तांता लगा रहा।
हर आंख नम थी और हर चेहरा अपने नेता को खोने का दर्द बयां कर रहा था। शनिवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्य मंत्री संजय शर्मा, पूर्व मंत्री रोहिताश्व शर्मा, पूर्व मंत्री यूनुस खान और तिजारा विधायक महंत बालकनाथ सहित कई दिग्गज नेताओं ने अलवर पहुंचकर डॉ.
जसवंत यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जब डॉ. जसवंत यादव के आवास पहुंचीं तो माहौल बेहद भावुक हो गया।
इस दौरान उनकी पत्नी किरण यादव वसुंधरा राजे के गले लगकर भावुक हो गईं। राजे ने उन्हें संभालते हुए परिवार को इस कठिन घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का संबल दिया।
इस अवसर पर वसुंधरा राजे ने कहा कि डॉ. जसवंत सिंह यादव का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।
उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण के साथ काम किया। उनका जाना पार्टी और क्षेत्र के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भी दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। डॉ.
यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे नेताओं ने उनके जनसेवा के कार्यों, राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र के विकास में दिए योगदान को याद किया। उनका असमय निधन न केवल बहरोड़ बल्कि पूरे अलवर जिले के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।
अलवर स्थित उनका आवास इन दिनों केवल एक घर नहीं, बल्कि श्रद्धांजलि, संवेदनाओं और उनसे जुड़ी यादों का केंद्र बना हुआ है।
