

बस्ती। जनपद में पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) यसबीर सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही और शिकायतों को गंभीरता से न लेने के आरोप में विक्रमजोत चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि मामला उस समय तूल पकड़ गया जब एक मृतक के पिता को घंटों तक चौकी पर बैठाए रखने का आरोप सामने आया। परिजनों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने न केवल उन्हें परेशान किया, बल्कि 50 हजार रुपये की मांग भी की। इस गंभीर शिकायत के बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा।
इधर, ग्रामीणों ने भी चौकी प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उनका कहना था कि विक्रमजोत चौकी क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल जांच कर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह के साथ सिपाही काशी पाण्डेय और राहुल सिंह को भी निलंबित कर दिया।