
अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग
जहानाबाद। जिले में अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना घोसी थाना क्षेत्र के कोयरी बीघा गांव के पास हुई। मृतक की पहचान लखीसराय निवासी 24 वर्षीय मधु कुमार के रूप में हुई है। मधु कुमार अपनी बहन की शादी के निमंत्रण देने के लिए शनिवार को घर से मोटरसाइकिल पर निकला था। उसकी बहन की शादी 30 तारीख को होनी थी। मधु देर रात तक जब घर नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रविवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और नहर के किनारे उसका शव तथा मोटरसाइकिल गिरी हुई पाई।
घटना की सूचना घोसी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया है। थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। जहां पूरे परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब शोक का माहौल है। मधु अपने भाइयों में अकेला था और उसकी दो छोटी बेटियां हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है ताकि उनका भरण-पोषण हो सके।